नीतीश कुमार का प्रधानमंत्री बनने का सपना मुंगेरीलाल के हसीन सपने जैसा : अश्विनी चौबे

भारतीय जनता युवा मोर्चा की दो दिवसीय प्रदेश कार्यसमिति की बैठक को लेकर भागलपुर में भाजपा के बड़े नेताओं का जमावड़ा शुरू है। मंगलवार और बुधवार को नेताओं के आने का सिलसिला जारी है। मगर तमाम नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर हमलावर हैं। इसी सिलसिले में केंद्रीय मंत्री अश्विनी चौबे ने कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की जगह अब रेगिस्तान में है। उनका प्रधानमंत्री बनने का सपना मुंगेरीलाल के हसीन सपने जैसा है।
उद्घाटन सत्र के दौरान केंद्रीय मंत्री चौबे ने कहा है कि नीतीश कुमार का गला जल्द ही दबने वाला है। मुख्यमंत्री जल्द ही ट्विन टावर की तरह ध्वस्त होने वाले हैं। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार का रिमोट लालू प्रसाद के हाथ में है और जब चाहते हैं बटन दबा कर नीतीश कुमार का इस्तेमाल करते हैं। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि नीतीश कुमार विपक्ष को एकजुट करने के लिए दिल्ली प्रवास पर गए थे। वह मुंगेरीलाल के हसीन सपने देख रहे हैं, जो कभी पूरा नहीं होने वाला है।
चौबे ने कहा कि नीतीश ने बिहार की जनता को ठगने का काम किया है, लेकिन वे देश की जनता को नही ठग पाएंगे। देश की जनता जानती है कि उनके हित में काम करने वाली कौन-सी सरकार है। उन्होंने मौजूदा महागठबंधन सरकार को ठगबंधन की संज्ञा दी। उन्होंने कहा कि जबसे यह सरकार आई है, बिहार में पहले की तरह अपराध बेलगाम हो गए हैं। आए दिन लूट, हत्या, बलात्कार की घटनाएं चरम पर हैं।
पटना में सुबह टहलने जाने वाली महिलाओं के चेन छीन लिए जा रहे हैं। बिहार सरकार के कैबिनेट में जो मंत्री बैठे हैं, कुछ अपराधी तो कुछ भ्रष्टाचारी हैं। वहीं, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय सिन्हा ने भी नीतीश कुमार पर हमला किया। उन्होंने नीतीश कुमार को पलटू राम बोलते हुए कहा कि हमने जंगलराज खत्म करने के लिए चाणक्य की भूमिका निभाई और चंद्रगुप्त को अपने साथ लाए। लेकिन ये चंद्रगुप्त नकली निकला। पलटू राम का बिहार में समाज के बीच कोई अस्तित्व नहीं बचा। उन्होंने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को खूब खरी-खोटी सुनाई।
उन्होंने कहा कि दो भाई एक-दूसरे को अपना सगा कहते हैं। लेकिन दोनों ने एक- दूसरे को ठगा है। उन्होंने नीतीश कुमार और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद पर कटाक्ष करते हुए कहा कि दोनों ने मिल कर बिहार को 33 सालों तक ठगा है। प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल ने बताया कि नई सरकार ने केंद्र से जितना यूरिया मांगा। उन्हें उतनी यूरिया दी गई, इसके बावजूद बिहार में यूरिया की किल्लत दिखाई जा रही है। पूरे देश में यूरिया की कमी नहीं हुई। केवल बिहार सरकार यूरिया की कमी बता रही है।