‘केरल में 18 दिन और यूपी में 2 दिन’, कांग्रेस की यात्रा पर वामपंथी दल CPM ने भी कस दिया तंज
यात्रा 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरेगी और 150 दिनों की अवधि में कन्याकुमारी से कश्मीर तक 3,570 किमी की दूरी तय करेगी। देश के 22 शहरों में रैलियां होंगी।
कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा पर तंज कसते हुए भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) ने सोमवार को कहा कि यह केवल सीटें जोड़ने की यात्रा है। CPI-M ने कांग्रेस की बहुचर्चित ‘भारत जोड़ो यात्रा’ की आलोचना करते हुए कहा कि इस यात्रा के तहत उसके शासन वाले केरल में 18 दिन बिताना और भारतीय जनता पार्टी के शासन वाले उत्तर प्रदेश में दो दिन बिताना ‘भाजपा एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से लड़ने का अजीबो-गरीब तरीका’ है। माकपा ने राहुल गांधी की एक तस्वीर के साथ ट्वीट किया, ‘‘भारत जोड़ो या सीट जोड़ो। केरल में 18 दिन…उत्तर प्रदेश में दो दिन।’’
इस पर कांग्रेस ने पलटवार करते हुए कहा कि माकपा केरल में भाजपा की ‘ए टीम’ है। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने पलटवार करते हुए कहा, ‘‘अपना होमवर्क बेहतर करिये और यह जानिए कि इस यात्रा की योजना इस तरह से क्यों बनी। एक पार्टी से तुच्छ आलोचना हो रही है, जो भाजपा की ए टीम है।’’ गौरतलब है कि राहुल गांधी वायनाड (केरल) से सांसद हैं और इसके अलावा राज्य में पार्टी का आधार काफी मजबूत है। यात्रा 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरेगी और 150 दिनों की अवधि में कन्याकुमारी से कश्मीर तक 3,570 किमी की दूरी तय करेगी। देश के 22 शहरों में रैलियां होंगी।
कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो’ यात्रा का केरल में आज यानी सोमवार को दूसरा दिन था और इसे लेकर लोगों में भारी उत्साह देखा गया। पार्टी नेता राहुल गांधी ने सुबह वेल्लायानी जंक्शन से पदयात्रा शुरू की, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए, साथ ही इसकी साक्षी बनने के लिए सड़कों के किनारे भी लोगों की भीड़ एकत्र हुई। कांग्रेस की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ सात सितंबर को तमिलनाडु के कन्याकुमारी से प्रारंभ हुई थी। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष गांधी ने अपने फेसबुक पोस्ट में लिखा, ‘‘हर सुबह मुझे इस उम्मीद से भर देती है कि एक अच्छा कल भारत और हमारी युवा पीढ़ी का इंतजार कर रहा है।’’