कांग्रेस को पाकिस्तान में लॉन्च करनी चाहिए भारत जोड़ो यात्रा, हिमंत बिस्व सरमा का तंज

कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने 6 सिंतबर, मंगलवार को कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के जरिए लोग महंगाई, बेरोजगारी समेत अन्य मुद्दों पर एकजुट होंगे।
Bharat Jodo Yatra: कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर असम के सीएम हिमंत बिस्व सरमा का दिया बयान चर्चा में हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस को भारत जोड़ो यात्रा भारत में नहीं बल्कि पाकिस्तान में शुरू करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि भारत पहले से जुड़ा और एकजुट है। ऐसे में कांग्रेस को पाकिस्तान में इस यात्रा का संचालन करना चाहिए।
असम सीएम ने कहा कि 1947 में भारत का बंटवारा हुआ और भारत जोड़ो यात्रा शुरू करने का कोई फायदा नहीं हुआ। न्यूज एजेंसी एएनआई से बात करते हुए हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि 1947 में कांग्रेस पार्टी द्वारा भारत का विभाजन किया गया था। अगर वे भारत जोड़ो यात्रा शुरू करना चाहते हैं, तो राहुल गांधी को पाकिस्तान में ऐसा करना चाहिए। भारत में इस यात्रा को करने के क्या फायदे हैं? भारत पहले से ही जुड़ा हुआ और एकजुट है।
प्रियंका गांधी ने क्या कहा:
कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने 6 सिंतबर, मंगलवार को कहा कि ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के जरिए लोग महंगाई, बेरोजगारी समेत अन्य मुद्दों पर एकजुट होंगे। यह यात्रा देश में फैली नफरत के खिलाफ है। ये लोगों को एकजुट करने के लिए हैं। उन्होंने कहा कि हम सकारात्मक राजनीति शुरू कर रहे हैं। हम आपकी सुनना चाहते हैं, हम आपकी समस्याओं का समाधान करना चाहते हैं। हम अपने प्यारे देश को एक करना चाहते हैं। आओ मिलकर भारत को एक करें।
भारत जोड़ो यात्रा:
भारत जोड़ो यात्रा में राहुल गांधी संग अलग-अलग राज्यों के 100 नेता भाग लेंगे। बता दें कि भारत जोड़ो यात्रा 150 दिन की होगी जिसमें 3,570 किलोमीटर की दूरी तय करेंगे। यात्रा में शामिल लोग किसी होटल में नहीं रुकेंगे और ट्रकों पर बने कंटेनरों में रात बिताएंगे। ऐसे में लोगों के लिए कुल 60 ऐसे कंटेनरों की व्यवस्था की गई है। वहीं कुछ कंटेनरों में स्लीपिंग बेड, शौचालय और एसी भी लगे हैं।
भारत जोड़ो यात्रा 20 प्रमुख स्थानों से होकर गुजरेगी। जिसमें कन्याकुमारी, तिरुवनंतपुरम, कोच्चि, नीलांबुर, मैसूर, बेल्लारी, रायचूर, विकाराबाद, नांदेड़, जलगांव जमोद, इंदौर, कोटा, दौसा, अलवर, बुलंदशहर, दिल्ली, अंबाला, पठानकोट, जम्मू, श्रीनगर शामिल है।